हल्द्वानी। ईद के अवसर पर जहां एक ओर खुशियों का माहौल है, वहीं जमीअत उलेमा (मौलाना अरशद मदनी) हल्द्वानी यूनिट ने समाज के जरूरतमंद वर्ग के बीच मदद का हाथ बढ़ाकर एक सराहनीय पहल की है। संगठन की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित गरीब और जरूरतमंद परिवारों को 50 राशन किट वितरित की गईं। जमीअत उलेमा हल्द्वानी के सदर मौलाना मोहम्मद आसिम ने बताया कि टीम द्वारा पहले विस्तृत सर्वे किया गया, जिसके आधार पर वास्तव में जरूरतमंद लोगों की पहचान की गई।

उसी सूची के अनुसार ईद किट का वितरण सुनिश्चित किया गया, ताकि सहायता सही हाथों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जमीअत उलेमा हर वर्ष ईद के मौके पर इसी तरह का अभियान चलाकर समाज के कमजोर तबके की मदद करती है। उनका उद्देश्य है कि कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली और ईद की खुशियों में उन्हें भी शामिल होने का अवसर मिला। स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।






