देहरादून। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) संदीप सैनी ने देहरादून और हरिद्वार जनपद में वाहनों के एलपीजी से संचालन पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी एलपीजी-पेट्रोल से संचालित वाहनों के स्वामियों और चालकों को अगले आदेशों तक एलपीजी के बजाय केवल वैकल्पिक ईंधन के रूप में पेट्रोल का उपयोग करना होगा। परिवहन विभाग ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (प्रवर्तन) और संभागीय निरीक्षकों (प्राविधिक) को निर्देशित किया है कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।


साथ ही ऐसे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें जिनमें अवैध रूप से एलपीजी किट लगाई गई है या घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर वाहन चलाए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाएगी और संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।







