हल्द्वानी। भारतीय जनता युवा मोर्चा नैनीताल में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए कनिष्क ढिंगरा को एक बार फिर जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन द्वारा दोबारा इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति को उनके कार्य और सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में कनिष्क ढिंगरा ऐसे एकमात्र कार्यकर्ता हैं जिन्हें जिला महामंत्री पद पर पुनः जिम्मेदारी दी गई है, जिससे संगठन में उनकी पकड़ और कार्यशैली का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस अवसर पर कनिष्क ढिंगरा ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और मेहनत से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का एक सशक्त मंच है और आने वाले समय में युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए वे पूरी टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। कनिष्क ढिंगरा ने इस दायित्व के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला महामंत्री एवं युवा मोर्चा प्रभारी रंजन बर्गली, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट सहित प्रदेश और जिला नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, समर्पण और सक्रियता के साथ निभाते हुए युवाओं के बीच पार्टी को और मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा।







