देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के अवर अभियंता अतुल कुमार को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी अवर अभियंता, जो पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात है, ने शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी के नाम से खरीदे गए अपार्टमेंट पर बिजली कनेक्शन कराने और विद्युत भार बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने मामले की जांच कर जाल बिछाया और मंगलवार को जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सतर्कता टीम की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।







