रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की लगातार मिल रही शिकायतों और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने चौकी प्रभारी सहित पूरे चौकी स्टाफ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। बताया जा रहा है कि शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां लगातार सामने आ रही थीं, लेकिन इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने जांच कराई, जिसमें चौकी स्तर पर ड्यूटी के प्रति उदासीनता और लापरवाही सामने आई।

इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र भट्ट समेत चौकी शक्तिफार्म में तैनात कुल आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में अवैध खनन और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






