हल्द्वानी। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र समेत प्रदेश के विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने पर सोमवार को हल्द्वानी स्थित विधायक सुमित हृदयेश के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने कहा कि विधायक सुमित हृदयेश लगातार जनता की समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष्मान कार्ड और गोल्डन कार्ड योजना की खामियों, एलपीजी गैस किल्लत, खिलाड़ियों की समस्याओं और युवाओं के रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को जिस मजबूती से सदन में रखा है, वह उनकी जनप्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हल्द्वानी की जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है और वे आगे भी हल्द्वानी सहित पूरे प्रदेश के लोगों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में मजबूती के साथ उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों और विश्वास को बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है और जनहित, विकास तथा आमजन के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। विधायक ने कहा कि जनता का यह स्नेह उन्हें और अधिक जिम्मेदारी और ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने विधायक सुमित हृदयेश को शुभकामनाएं देते हुए उनके जनहित के प्रयासों की सराहना की।







