हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने मुखानी क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा निवासी हेमचंद्र लोहनी अपने पैतृक गांव अल्मोड़ा गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

शिकायत मिलने पर मुखानी थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद हल्दीखाल मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से मंगलसूत्र, पौंची, नथ, झुमके समेत सोने के आभूषण और नगदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा करते हुए टीम के प्रयासों की सराहना की है।







