लालकुआँ। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और प्रबंध समिति के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, महिलाएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया, जिससे किसानों और पशुपालकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। समारोह में 826 से अधिक दुग्ध उत्पादकों और महिलाओं की सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दूध उत्पादन के महत्व और गुणवत्ता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी गई।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला डेयरी विकास योजना के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हरिपुर कुंवर सिंह आनंदपुर तोक हल्द्वानी की दुग्ध उत्पादक हिमानी देवी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पुष्पा देवी को 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीपा देवी को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर और दीपा देवी 250 लीटर दूध नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ को आपूर्ति करती हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में जिला योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि करना और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस मौके पर डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आर.एम. तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।







