हल्द्वानी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में प्रशासन ने तेजी ला दी है। सोमवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और मार्ग में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी कराई।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी पर्यटक सीजन से पहले चौड़ी सड़क का लाभ लोगों को मिल सके। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपाई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा कराया जा रहा है, जिसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को हटाने और नई लाइन शिफ्टिंग के लिए धनराशि पहले ही उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के नगरीय खंड को हस्तांतरित की जा चुकी है।सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मंगलवार से नए विद्युत पोलों की स्थापना शुरू की जाए और शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाए। वहीं मार्ग के बाईं ओर उत्तराखंड जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी जारी है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य को 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी डॉम हट भी हटाया जाना है, जिसके लिए परियोजना प्रबंधक को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को 25 मार्च तक हटाने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण के लिए लेवलिंग और ग्रेडिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और डामरीकरण सहित अन्य निर्माण कार्य अप्रैल माह तक पूरा कर लिया जाएगा, ताकि आने वाले पर्यटन सीजन में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता ए.के. कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन और जमरानी खंड के अधिकारी भी मौजूद रहे।









