अहमदाबाद। भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 96 रनों से हराकर टी-20 विश्वकप का खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया। धमाकेदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के दम पर भारत ने फाइनल मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरी बार भी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन, संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंत में शिवम दुबे की आठ गेंदों में नाबाद 28 रनों की तेज पारी ने भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया, जो टी-20 विश्वकप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत ही खराब रही और भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटकते हुए उसे संभलने का मौका नहीं दिया। कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड के लिए टिम सीफ़र्ट ने 52 और मिशेल सेंटनर ने 43 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस मुकाबले में चार विकेट लेते ही जसप्रीत बुमराह टी-20 विश्वकप इतिहास में 40 विकेट लेने वाले सबसे सफल गेंदबाज भी बन गए। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम ने विश्व क्रिकेट में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।









