देहरादून। शहर के व्यस्ततम राजपुर रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक दौड़ाना एक युवक की मौत का कारण बन गया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवक आपस में रेस लगा रहे थे और इसी दौरान उन्होंने एक रैपिडो बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रैपिडो पर सवार युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दुर्घटना की धारा को गैर इरादतन हत्या में बदलते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 27 फरवरी की रात राजपुर रोड स्थित अकेता होटल के सामने हुई। जानकारी के अनुसार रैपिडो वाहन संख्या यूके-17-ज़ेड-5912 पर सवार अंकित पाल और चालक को दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकित पाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की माता उषा पाल की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला में दोनों मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो सामने आया कि एक बाइक चालक तेज रफ्तार में आकर रैपिडो बाइक से टकरा गया, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े।

इसी दौरान दूसरी बाइक सवार युवक ने सड़क पर गिरे युवक के ऊपर से मोटरसाइकिल चढ़ा दी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आपस में बाइक रेस लगा रहे थे और पीछे बैठे युवक लगातार चालकों को तेज गति से बाइक चलाने के लिए उकसा रहे थे। तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण दोनों बाइक रैपिडो वाहन से टकरा गईं, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मोटरसाइकिलों की पहचान कर चारों आरोपियों प्रांजल रमोला, अभिषेक बडोनी, लोकेंद्र उर्फ लोकेश बिजलवान और सुमित राठौड़ी को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमे में संशोधन करते हुए गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ दी है। एसएसपी देहरादून ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए साफ कहा है कि शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर दूसरों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






