हल्द्वानी। उत्तराखंड का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले हल्द्वानी में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा क्रिकेट आयोजन होने जा रहा है। आगामी 11, 12 और 14 मार्च को शहर में Legends League Cricket के हाई-प्रोफाइल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके साथ इस लीग के अब तक के सबसे बड़े सीज़न का आगाज़ होगा। दुनिया के कई देशों के दिग्गज क्रिकेटर मैदान पर उतरेंगे और शहर क्रिकेट के रोमांच का साक्षी बनेगा। शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में लीग के को-फाउंडर Raman Raheja ने बताया कि हल्द्वानी में होने वाले शुरुआती मुकाबलों में 11 देशों के दिग्गज खिलाड़ी भाग लेंगे। दर्शकों को एक बार फिर अपने पसंदीदा क्रिकेट सितारों को मैदान पर देखने का मौका मिलेगा। इन मुकाबलों में Suresh Raina, S. Sreesanth, Irfan Pathan के साथ-साथ Carlos Brathwaite, Thisara Perera और Asghar Afghan जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे मैदान पर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य देश के उन शहरों तक भी उच्च स्तर का क्रिकेट पहुंचाना है, जहां पहले इस तरह के बड़े आयोजन नहीं हुए।

हल्द्वानी से शुरू होने वाला यह सीज़न लीग के इतिहास का सबसे बड़ा सीज़न माना जा रहा है, जिसके बाद देश के चार अन्य शहरों में भी मुकाबले आयोजित होंगे और कुल 16 मैच खेले जाएंगे। इस सीज़न का प्रसारण भी वैश्विक स्तर पर किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार Legends League Cricket का प्रसारण 100 से अधिक देशों में होगा, जिससे दुनिया भर के दर्शक इस टूर्नामेंट का आनंद ले सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैचों का प्रसारण अंग्रेजी भाषा में किया जाएगा, जबकि भारत में क्रिकेट प्रेमी 13 चैनलों पर 11 भाषाओं में इसका सीधा प्रसारण देख सकेंगे। क्रिकेट के इस बड़े आयोजन को लेकर हल्द्वानी में उत्साह का माहौल है। दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी और रोमांचक मुकाबलों के कारण शहर में खेल प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट किसी उत्सव से कम नहीं होगा। आयोजकों का कहना है कि यह सीज़न न सिर्फ क्रिकेट की विरासत को सम्मान देगा, बल्कि दुनिया भर के प्रशंसकों को उनके पसंदीदा खिलाड़ियों के करीब लाने का भी अवसर प्रदान करेगा।







