हल्द्वानी। नैनीताल जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराध होने पर बीट कॉन्स्टेबल से लेकर हल्का प्रभारी तक की जवाबदेही तय होगी और लापरवाही करने वालों पर “काम नहीं तो दाम नहीं” की नीति लागू की जाएगी। नैनीताल में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में कोतवाली मीटिंग हॉल में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की अपराध स्थिति, लंबित विवेचनाओं और आगामी त्योहारों को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अपराध की घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी बीट कॉन्स्टेबल से लेकर संबंधित हल्का प्रभारी तक तय की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी के दौरान मोबाइल के अनावश्यक प्रयोग और कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए “नो वर्क नो पे” नीति लागू करने की चेतावनी दी।


साथ ही महिला अपराध, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों में तेजी लाने, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी बढ़ाने और सत्यापन अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आगामी होली और रमज़ान को देखते हुए एसएसपी ने विशेष सुरक्षा योजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जबरन रंग लगाने, शराब पीकर हुड़दंग करने और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है। त्योहारों के दौरान महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती पिकेट, मोबाइल और पैदल गश्त में बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रवृत्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।






