हल्द्वानी। नगर निगम सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मतदाता सूची मैपिंग की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए प्रशासन ने कम प्रगति वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ए. पी. बाजपेई ने 75 प्रतिशत से कम मैपिंग वाले 98 बीएलओ और 20 सुपरवाइजरों के कार्यों की समीक्षा करते हुए फील्ड में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों ने बताया कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता पाए जा रहे हैं जो अन्य स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं, जिससे मैपिंग का प्रतिशत प्रभावित हो रहा है। वहीं गौला नदी किनारे रहने वाले घुमंतू समुदाय के कई लोग वर्ष 2003 से संबंधित आवश्यक विवरण उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, जिसके कारण उनकी मैपिंग नहीं हो पा रही है।

नगर मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि ऐसे व्यक्तियों का चिन्हीकरण किया जाए जो वास्तव में क्षेत्र में मौजूद नहीं हैं और नियमानुसार प्रक्रिया अपनाकर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत संबंधित व्यक्तियों को नोटिस तामील कर सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाएगा और राजनीतिक दलों व बीएलए के साथ भी सूची साझा की जाएगी। सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में प्रशासन ने मतदाताओं, नागरिकों और राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं ने प्री-एसआईआर में अपनी मैपिंग नहीं कराई है, वे 28 फरवरी तक अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग अवश्य करवा लें, ताकि उनका मताधिकार सुरक्षित रह सके।







