देहरादून। डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को संयुक्त टीम ने सुलझा लिया है। उत्तराखण्ड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक विक्रम शर्मा की हत्या की योजना कई महीने पहले ही बना ली गई थी। 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर की गई हत्या के बाद पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं पर गहन जांच शुरू की। जांच में पता चला कि विक्रम शर्मा आपराधिक पृष्ठभूमि का कुख्यात अपराधी था और झारखंड में हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे कई मामलों में शामिल रहा था। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि तीन हमलावर बाइक पर आए और वारदात को अंजाम देकर सहस्त्रधारा क्षेत्र में वाहन बदलकर हरिद्वार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद कर उसके आधार पर आरोपियों की पहचान की और जांच का दायरा झारखंड व नोएडा तक बढ़ाया।


जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहले जमशेदपुर और नोएडा में हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन मौका न मिलने पर देहरादून को चुना गया। साजिश को अंजाम देने के लिए एक आरोपी ने उसी जिम को जॉइन किया था जहां विक्रम रोज जाता था और घटना के दिन उसने ही अपने साथियों को फोन कर उसकी लोकेशन दी। जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने उसे गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी हरिद्वार से किराए की बाइक और स्कूटी से भागे और बाद में स्कॉर्पियो वाहन से नोएडा पहुंचे। पुलिस ने जांच के दौरान जमशेदपुर से राजकुमार और ग्रेटर नोएडा से मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे आपसी रंजिश, आपराधिक वर्चस्व और कारोबारी विवाद प्रमुख कारण रहे। मामले में वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






