बरेली। होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा मुंबई और कुमाऊं के बीच यात्रा करने वाले लोगों की सुविधा के लिए 09075/09076 मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन–काठगोदाम रेलवे स्टेशन–मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष ट्रेन मुंबई सेंट्रल से 25 फरवरी तथा 4, 11, 18 और 25 मार्च 2026 को प्रत्येक बुधवार को चलकर दूसरे दिन दोपहर काठगोदाम पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन काठगोदाम से 26 फरवरी तथा 5, 12, 19 और 26 मार्च 2026 को प्रत्येक गुरुवार को रवाना होकर अगले दिन मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। इस विशेष सेवा के संचालन से होली के दौरान यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और लंबी दूरी की यात्रा सुगम बनेगी।

यह ट्रेन मार्ग में बोरीवली, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, कोटा, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, लालकुआं और हल्द्वानी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के पांच, शयनयान श्रेणी के आठ, साधारण द्वितीय श्रेणी के दो तथा जीएसएलआरडी के दो कोचों सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध हो सके। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन लगातार किया जा रहा है और यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले टिकट बुक कर यात्रा की योजना बनाएं।







