हल्द्वानी। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने शहर की गलियों और मुख्य मार्गों पर खुदी पड़ी सड़कों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सभी संबंधित विभागों को तत्काल रिस्टोरेशन के निर्देश दिए हैं। शहरवासियों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट कहा कि सड़कों के कारण आम जनता को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से समन्वय बनाकर कार्य करें। हल्द्वानी में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा के साथ UUSDA, PWD, UPCL, सिंचाई विभाग, जल संस्थान और जमरानी परियोजना के अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जहां-जहां सड़कों की खुदाई हुई है, वहां तत्काल मरम्मत कर सड़कें दुरुस्त की जाएं ताकि यातायात और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आपसी समन्वय की कमी के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ती है, इसलिए सभी विभाग मिलकर कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करें। साथ ही हर 15 दिन में इन कार्यों की समीक्षा करने की बात भी कही गई ताकि प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके। बैठक में अतिक्रमण की समस्या पर भी चर्चा हुई और सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने साफ किया कि शहर की यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








