हल्द्वानी। स्मार्ट मीटर को लेकर चल रहे देशव्यापी पखवाड़ा अभियान के तहत हल्द्वानी में विद्युत विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। विभाग के अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजौरा ने बताया कि 9 फरवरी से 23 फरवरी तक चल रहे इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की स्मार्ट मीटर से जुड़ी शंकाओं का समाधान करना और उन्हें नई तकनीक के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान लोगों को स्मार्ट मीटर से संबंधित मोबाइल एप डाउनलोड कराने, मीटर के लाभों की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के लिए जगह-जगह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मंडल स्तर पर हल्द्वानी मुख्य अभियंता कार्यालय स्थित ऑडिटोरियम में कार्यशाला और शिविर का आयोजन किया गया, जहां उपभोक्ताओं को विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग, बिजली खपत की सही जानकारी और बेहतर सेवा सुविधा मिलेगी। विभाग का कहना है कि यह अभियान लोगों और विभाग के बीच संवाद बढ़ाने का भी माध्यम है, जिससे उपभोक्ता अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकें। विद्युत विभाग ने जनप्रतिनिधियों और आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी प्राप्त करें और अपनी शंकाओं का समाधान कराएं, ताकि नई प्रणाली को सुचारु रूप से लागू किया जा सके।






