हल्द्वानी। रमज़ान के पवित्र महीने को देखते हुए बनभूलपुरा संघर्ष समिति ने क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। समिति के संयोजक उवैस राजा ने अपने साथियों के साथ बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर पूरे रमज़ान माह में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और किसी भी उपभोक्ता की बिजली न काटने की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि रमज़ान के दौरान सहरी और इफ्तार के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बिजली कटौती के कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित होती है, जिससे आमजन की दिक्कतें और बढ़ जाती हैं। समिति ने विभाग से अपील की कि पवित्र महीने में विशेष व्यवस्था करते हुए क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए। उवैस राजा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विभाग उनकी मांगों को प्राथमिकता देगा और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह हमेशा आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करते रहेंगे, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म से जुड़ी हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के कई सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में रमज़ान के दौरान बेहतर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।







