हल्द्वानी। शहर के बरेली रोड क्षेत्र अंतर्गत राम मंदिर बगीचा इलाके में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। देर रात घर के भीतर हुए हिंसक घटनाक्रम में एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे संदीप जायसवाल घर पहुंचा और अचानक छोटे भाई सोनू जायसवाल पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक आरोपी चिल्लाते हुए कह रहा था कि “मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, कुछ नहीं कर पाया” और इसके बाद उसने पास पड़ा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर लगातार वार किए। आरोप है कि आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर भी बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार ने बीच-बचाव कर रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “मैं इसे मार दूंगा, सुबह श्मशान में जलाऊंगा… तुम सब अंदर चले जाओ वरना तुम्हें भी मार दूंगा।” डर के कारण परिजन कमरे में बंद हो गए और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। बताया जा रहा है कि लगातार मारपीट के बाद सोनू बेहोश हो गया। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह अपने परिचित को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस पहुंची, आरोपी घर के पीछे वाले रास्ते से फरार हो गया। पुलिस ने घायल सोनू को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






