देहरादून। कालसी क्षेत्र के कुवाणु–मीनस मोटर मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जब हिमाचल रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे थे। सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल रोडवेज की HP66A-2588 बताई जा रही है, जो नेरवा से पोंटा की ओर जा रही थी। प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक बस में 35–36 यात्री सवार थे।
हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11–12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए विकासनगर अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी CCR देहरादून से मिलते ही सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से टीमें तत्काल रवाना की गईं। दुर्घटनास्थल राजस्व क्षेत्र में होने के कारण SDRF और पुलिस बल संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। वहीं, पूरे अभियान की निगरानी वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट से लगातार की जा रही है।






