रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग में अवैध खनन के विरुद्ध वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। प्रभागीय वनाधिकारी तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के निर्देशन और उप-प्रभागीय वनाधिकारी व वन क्षेत्राधिकारी रामनगर के नेतृत्व में कटिया पुल गेट और नदी क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध खनन/खनन निकासी में लिप्त वाहनों को पकड़ा गया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
वन विभाग को प्राप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान मौके से एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना रॉयल्टी और बिना वैध प्रपत्रों के आरबीएम (रेत-बजरी-मलबा) ले जाते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए वाहनों को वन अभिरक्षा में लेकर कठियापुल चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। कार्रवाई में वन सुरक्षा बल टीम व रामनगर रेंज स्टाफ के साथ वन दरोगा सुरजीत सिंह, बीट अधिकारी जगदीश प्रसाद, वन दरोगा अजमत खान, क्यूआरटी सदस्य हिमांशु और चालक अजय रावत शामिल रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






