देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यबोध के प्रति निष्ठा का संदेश देते हुए सशक्त और विकसित भारत के निर्माण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाबद्ध और प्रभावी कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हम सभी को अपने संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार भी उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उधर, गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने बलवीर रोड स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर देशभक्ति और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, प्रेमचन्द अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति आस्था और विकास के संकल्प का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।













