हल्द्वानी। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम को 1 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कार्यालय, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कृत किया। नगर निगम की यह उपलब्धि 25 सितंबर 2025 को आयोजित स्वच्छता शपथ में रिकॉर्ड स्थापित करने के लिए मिली। इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम के सभी विभागों, पार्षदों, स्थानीय स्कूलों, सेना बल, स्वयं सहायता समूह, पर्यावरण मित्र, स्वास्थ्य कर्मियों, बैनी सेना, मीडिया बंधुओं और आम नागरिकों को उनके योगदान के लिए हार्दिक धन्यवाद प्रेषित किया।
महापौर बिष्ट ने कहा कि यह उपलब्धि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास का परिणाम है और भविष्य में भी इस सहयोग की अपेक्षा की जाती है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने यह भी कहा कि नगर निगम की टीम निरंतर प्रयासरत रहेगी ताकि हल्द्वानी- काठगोदाम शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरणीय रूप से स्वस्थ बनाकर हर नागरिक के लिए आदर्श नगर बनाया जा सके।






