- हालिया हमलों के बाद मथुरा की विशेषज्ञ संस्था से किया गया अनुबंध, नगर आयुक्त ने दी जानकारी
हल्द्वानी। शहर के पालीशीट क्षेत्र में बंदरों का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासी भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हो गए हैं। हाल ही में बंदर द्वारा लोगों को काटने की घटनाएं सामने आने के बाद नगर निगम ने हरकत में आते हुए बड़ा कदम उठाया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी दी कि बंदरों के आतंक से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने मथुरा की एक विशेषज्ञ संस्था के साथ अनुबंध किया है। इसी अनुबंध के तहत आज वार्ड नंबर 5, पालीशीट में बंदर पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया गया है।
पालीशीट के निवासियों ने कई बार शिकायत की थी कि खुलेआम घूमते बंदर राहगीरों और बच्चों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में कुछ लोग बंदर के हमले में घायल भी हो चुके हैं। स्थिति को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने यह निर्णय लिया, जिससे उम्मीद की जा रही है कि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी। नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ पालीशीट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के अन्य प्रभावित इलाकों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बंदरों को न खिलाएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत निगम को दें।






