- बिना सत्यापन घर किराए पर देने वालों पर प्रशासन सख्त
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में पुलिस का सख्त और व्यवस्थित किरायेदार सत्यापन अभियान जारी है। इस क्रम में पुलिस ने जिले भर में घर-घर दस्तक देकर किरायेदारों, कामगारों, दुकानदारों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों की जांच-पड़ताल की। अभियान की अगुवाई एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा, सीओ सिटी नितिन लोहनी और सीओ रामनगर सुमित पांडेय समेत सभी थाना प्रभारियों ने की। एक ही दिन में पुलिस टीमों ने जिलेभर में 900 से अधिक घरों, दुकानों, ढाबों और निर्माण स्थलों पर रेड कर 387 व्यक्तियों का विधिवत सत्यापन किया। इस दौरान जो मकान मालिक, ठेकेदार और दुकान संचालक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराने में लापरवाह पाए गए, उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई।
131 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई, जिससे ₹39,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं 26 भवन स्वामी और ठेकेदारों के खिलाफ कोर्ट चालान की कार्रवाई करते हुए ₹2.60 लाख का जुर्माना लगाया गया। एसएसपी प्रहलाद मीणा के नेतृत्व में चल रहे इस विशेष अभियान का मकसद जनपद में अपराधियों की संभावित गतिविधियों पर अंकुश लगाना और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें समय रहते नियंत्रित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन के किसी को भी किराए पर रखना या काम पर लगाना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों, कामगारों तथा बाहरी व्यक्तियों का समय से सत्यापन जरूर कराएं, क्योंकि आपकी सतर्कता ही सामूहिक सुरक्षा की पहली दीवार है। पुलिस का संदेश साफ है— “आपका सहयोग, हमारी सुरक्षा।”








