हल्द्वानी । अपराधों पर सख्ती और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए इस ऑपरेशन में पुलिस, IRB और CAPF बलों की संयुक्त टीम ने 287 व्यक्तियों का सत्यापन किया और नियमों का उल्लंघन करने पर 73 मकान मालिकों व ठेकेदारों पर कार्यवाही की। अभियान के दौरान 13 मकान मालिकों को बिना किरायेदार सत्यापन के दोषी पाए जाने पर 10-10 हजार रुपये के कोर्ट चालान से दंडित किया गया, जिससे कुल 1.30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, 60 अन्य लोगों पर पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत कार्रवाई कर 24,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
सत्यापन में दो अहम मामले सामने आए। जिसमें दो व्यक्तियों रियाजुल हसन और परवेज पर घरेलू कनेक्शन से अवैध तरीके से अन्य आवासों व दुकानों में बिजली सप्लाई करने का आरोप है। मौके पर विद्युत विभाग की टीम ने दोनों के कनेक्शन काटे और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की गई। इधर एक मकान में रह रहे जाहिद अली और उसका पुत्र मोहम्मद अली, जो कि रामपुर निवासी हैं, बिना पुलिस सत्यापन के पाए गए। दोनों से थाने में पूछताछ की जा रही है और मकान मालिक के खिलाफ भी पुलिस अधिनियम में कार्रवाई की गई। नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का समय से सत्यापन कराएं तथा बिजली-पानी के उपयोग में नियमों का पालन करें, जिससे कानून व्यवस्था बनी रहे।






