देहरादून/नैनीताल। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उत्तराखंड पुलिस हरकत में आ गई है। राज्य के सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। देहरादून और नैनीताल में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर देहरादून जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक नगर समेत सभी अधिकारी स्वयं सड़कों पर मौजूद रहकर हर वाहन और व्यक्ति की जांच कर रहे हैं। जनपद की सीमाओं, प्रमुख चौराहों, बाजारों और आंतरिक मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नैनीताल जनपद में भी एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देशन में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है। हर थाना, चौकी प्रभारी और पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है। बस अड्डों, पर्यटक स्थलों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग तेज़ कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है, साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी की मदद से निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को देने का आग्रह किया गया है। राज्य के दोनों प्रमुख जिलों में सुरक्षा बलों की मौजूदगी आम जनमानस में विश्वास बनाए रखने और किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए अहम मानी जा रही है।






