हल्द्वानी। नगर निगम चुनाव में भाजपा ने अपनी तैयारियों को धार देने के लिए आज मेयर प्रत्याशी गजराज बिष्ट के चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, विधायक लालकुआं मोहन बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, अनिल डब्बू, निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला, और जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव में जीत का विश्वास जताया। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने देश और प्रदेश में सत्ता स्थापित की है, उसी तरह त्रिस्तरीय चुनाव में भी पार्टी का परचम लहराएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा के पास मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो जीत को सुनिश्चित करेंगे।
मेयर प्रत्याशी गजराज बिष्ट ने कहा कि उन्हें कार्यकर्ताओं और जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समर्थन भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएगा। विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर गजराज बिष्ट के समर्थन में पूरी ताकत से मैदान में डटे हुए हैं। दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि हल्द्वानी नगर निगम में भाजपा का मेयर लगातार तीसरी बार चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठित प्रयास और जनता के बीच भाजपा की स्वीकार्यता पार्टी को जीत दिलाएगी। इस शुभारंभ कार्यक्रम ने भाजपा के चुनाव प्रचार को औपचारिक रूप से गति दे दी है। कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह और नेताओं की रणनीतिक तैयारियां साफ तौर पर हल्द्वानी चुनाव को भाजपा के लिए अहम बना रही हैं।






