हरिद्वार। बुग्गावाला पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 6 लोगों को हिरासत में लिया गया। एसडीएम भगवानपुर के आदेश पर बुग्गावाला पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया। जब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी, तब विरमपाल और उनके पांच साथी सरकारी कामकाजी प्रक्रिया में रुकावट डालने की कोशिश करने लगे। इन आरोपियों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया और शांति व्यवस्था को भी प्रभावित किया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था पर खतरा हो गया।
इसके बाद नायब तहसीलदार के आदेश पर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को जल्द ही न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। राजस्व विभाग की टीम में कानूनगो ओमप्रकाश, लेखपाल रेखा चौहान, पटवारी सोनम राठोर, पटवारी टीना जोशी, पटवारी नवीन त्यागी और पटवारी मोहित शामिल थे। पुलिस टीम में उ0नि0 प्रवीण विष्ट, अपर उ0नि0 बलवीर, उ0नि0 ममता रानी, हे0का0 प्रर्णिता पाण्डेय, हे0का0 कुन्दन सिंह, हेड कां. कुश कुमार, हो0गा0 अमिता और हो0गा0 आकाश थे।






