हल्द्वानी। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण पेश करते हुए हल्द्वानी तहसील के हिम्मतपुर तल्ला निवासी प्रियंका दुर्गापाल ने यूपीएससी द्वारा आयोजित भारतीय सांख्यिकी सेवा (ISS) की परीक्षा उत्तीर्ण कर बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रियंका दुर्गापाल, जो आनंद दुर्गापाल की बेटी हैं, ने अपनी इस सफलता से यह साबित किया है कि सच्ची लगन और कड़ी मेहनत से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। भारतीय सांख्यिकी सेवा की अधिकारी बनने के बाद प्रियंका ने कहा, “असफलताओं से कभी घबराना नहीं चाहिए। अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है।”
प्रियंका की इस उपलब्धि के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार और रिश्तेदारों के साथ-साथ क्षेत्र के लोग भी उनकी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रियंका की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी सफलता ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है बल्कि पूरे हल्द्वानी क्षेत्र को गर्व का मौका दिया है। प्रियंका ने साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत किसी पहचान की मोहताज नहीं होती और हर ऊंचाई को छूने का सपना सच किया जा सकता है।






