देहरादून। रायवाला क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़े एक शातिर बदमाश को पकड़ने के लिए दून पुलिस ने हरिद्वार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ में बदमाश फरमान, निवासी नाकुड़ सहारनपुर, घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी गुल्लू और गुलफाम मौके से फरार हो गए।
यह घटना बीती रात करीब 1 बजे की है, जब देहरादून पुलिस संदिग्ध i10 कार का पीछा करते हुए रुड़की से हरिद्वार पहुंची। बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पीछा करते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फरमान के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को जिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।

फरमान पर उत्तर प्रदेश, देहरादून, और हरिद्वार में चोरी और नकबजनी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके पास से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, सोने की चेन, अंगूठी, घटना में प्रयुक्त i10 कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।






