- साधु-संतों पर गंभीर आरोप, एसएसपी ने गठित किया विशेष जांच दल
हरिद्वार। महायोगी पायलट बाबा आश्रम, जगजीतपुर में साधु-संतों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी, इलाज में लापरवाही और आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने के आरोप लगे हैं। इन गंभीर आरोपों की जांच के लिए एसएसपी हरिद्वार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। शिकायतकर्ता ब्रह्मानंद गिरी, जो महायोगी पायलट बाबा के शिष्य हैं, ने आश्रम के अन्य साधु-संतों पर बाबा के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
शिकायत में दावा किया गया है कि बाबा की चिकित्सा आवश्यकताओं को नजरअंदाज कर उनकी स्थिति को और खराब किया गया। इसके साथ ही आरोप लगाया गया है कि आश्रम की करोड़ों रुपये की संपत्ति का दुरुपयोग किया गया और वित्तीय अनियमितताएं की गईं। एसएसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। टीम में हरिद्वार के कई अधिकारी शामिल किए गए हैं।






