देहरादून। देहरादून में एक शिक्षण संस्थान की विदेशी छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में क्लेमेंटटाउन पुलिस ने विदेशी छात्र मूसा लड्डू जेम्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही, फ्लैट मालिक पर विदेशी अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है, जिसने बिना सूचना दिए पीड़िता के दोस्त को अपने फ्लैट में रहने की अनुमति दी थी। थाना क्लेमेंटटाउन को यह मामला दिल्ली पुलिस से जीरो एफआईआर के रूप में प्राप्त हुआ था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि 29 अक्टूबर 2024 को मोहब्बेवाला में उसके दोस्त के किराए के फ्लैट में आयोजित पार्टी के दौरान, आरोपी मूसा ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पीड़िता ने घटना से पहले चंडीगढ़ में आयोजित एक धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए अपने हॉस्टल से 15 दिनों का अवकाश लिया था। घटना के बाद वह आयोजन में शामिल होने चली गई थी। पुलिस ने साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर 20 नवंबर को आरोपी मूसा लड्डू जेम्स, निवासी जुबा, साउथ सूडान, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि फ्लैट मालिक ने विदेशी नागरिक को अपने फ्लैट में रहने की अनुमति दी थी, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। इस पर फ्लैट मालिक के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।






