- 108 चालकों पर हुई कार्यवाही, सुरक्षा और यातायात के नियमों के उल्लंघन पर कड़ी नजर
हल्द्वानी। शहर में यातायात और सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा सख्ती बढ़ाई गई है। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले में एक व्यापक ई-रिक्शा और टैम्पो चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य शहर में अपराधों पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना था। इस अभियान का पर्यवेक्षण एसपी क्राइम/यातायात हरबंस सिंह और एसपी सिटी प्रकाश चंद्र द्वारा किया गया, जिसमें नैनीताल पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ चेकिंग की। जांच के दौरान पुलिस ने 108 ई-रिक्शा और टैम्पो चालकों के दस्तावेजों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त कार्यवाही करते हुए 12 वाहन सीज किए गए और 57,500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
पुलिस ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर तत्काल चालान काटे गए। अभियान का उद्देश्य न केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना था, बल्कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर भी रोक लगाना था। एसएसपी मीणा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान शहर की सुरक्षा और यातायात को नियंत्रित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा उल्लंघन पर कड़ी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा। नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है।