हल्द्वानी। राजकीय महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी में महिला एवं बाल विकास विभाग नैनीताल द्वारा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत “बालिकाओं द्वारा असुरक्षित स्थानों के चिन्हीकरण” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पुलिस विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा, सेवायोजन एवं परिवीक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया और बालिकाओं से संबंधित योजनाओं एवं सुरक्षा समस्याओं के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में पुलिस विभाग ने गौरा शक्ति ऐप और सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में बताया। साथ ही, विभिन्न विभागों ने बालिकाओं के सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी और उनसे उन स्थानों के बारे में पूछा, जहां वे असुरक्षित महसूस करती हैं। बालिकाओं ने हल्द्वानी के कई स्थानों को चिन्हित किया, जहां युवक समूह बनाकर खड़े रहते हैं, नशे का सेवन करते हैं और लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं।
अपर निदेशक प्रशिक्षण ऋचा सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट ने बालिकाओं से संवाद किया और बालिकाओं ने ऑटो चालकों के लिए अनिवार्य आईडी कार्ड, ऑटो स्टैंड पर पुलिस गश्त, और सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग जैसे सुझाव भी दिए। कार्यशाला में दिए गए सुझावों और चिन्हित स्थानों की रिपोर्ट जिलाधिकारी महोदया को प्रेषित की जाएगी ताकि संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के लिए भय मुक्त वातावरण तैयार करना है ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें और किसी भी जगह जाने में भयमुक्त हो सकें। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिल्पा जोशी और भीमताल की अधिकारी रेनू मर्तोलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






