हल्द्वानी। उत्तराखंड जल संस्थान में ठेके पर कार्यरत श्रमिकों ने आज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए विभागीय संविदा देने की मांग की और ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की अपील की।
सविंदा श्रमिकों ने कहा कि सरकार ने उनकी एक नहीं सुनी, और अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे सचिवालय कूच करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान पूर्व राज्य मंत्री और राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने भी धरने को समर्थन दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही संविदा श्रमिकों की मांगें पूरी नहीं की गईं, तो संघर्ष और तेज होगा।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में श्रमिक और समर्थक उपस्थित थे, जो इस बात का संकेत दे रहे थे कि श्रमिक संघ अपनी मांगों को लेकर अडिग है। श्रमिक संघ ने सरकार से जल्द से जल्द उनकी मांगों पर विचार करने और सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है ताकि श्रमिकों का संघर्ष समाप्त हो सके और वे अपनी नौकरियों में स्थिरता पा सकें।






