हल्द्वानी। शहर में बढ़ते अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने शनिवार की रात व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर यह अभियान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीओ नितिन लोहनी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देना था। शहर में कई इलाकों में पुलिस की टीमों ने रात गश्त करते हुए संदिग्ध लोगों की चेकिंग की। इस दौरान कई वाहनों की जांच की गई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। खासतौर पर उन स्थानों पर ध्यान दिया गया, जहां असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका अधिक रहती है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और कई जगहों पर दस्तावेज़ों की जांच भी की।

महिला अपराधों पर रोकथाम के लिए विशेष रूप से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की उपस्थिति बढ़ाई गई है और महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गश्त तेज कर दी गई है। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य न केवल अपराधियों को पकड़ना है, बल्कि शहर के नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और शहर को सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बता दें कि पुलिस की यह कार्रवाई रात के समय भी जारी रही, जिससे अपराधियों के मन में खौफ पैदा हो और शहर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






