हल्द्वानी। उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने फरार होकर दुबई में छिपे कबूतरबाज को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी अफजाल निवासी मोहल्ला अफगानन, शेरकोट, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप है।
उसके खिलाफ थाना रामनगर में वर्ष 2022 में एक अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस से बचने के लिये आरोपी दुबई फरार हो गया था।
पुलिस आरोपी पर लगातार नजर बनाये हुए थी। आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा है और न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट भी जारी कर दिया था। आरोपी जैसे ही बुधवार को दुबई से दिल्ली लौटा, तो उसे इमिग्रेशन टीम के सहयोग से पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसे दिल्ली से रामनगर लाया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उस पर विदेश भेजने के नाम पर कई लोगों से ठगी का आरोप है।













