देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति वंदन विधेयक के लोकसभा व राज्यसभा में भी पास होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोक सभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्राविधान करने वाले इस बिल से मातृशक्ति के उत्थान की दिशा में यह सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। राज्य की महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने भेंट की। उन्होंने केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं के ओर से नारी शक्ति वंदन विधेयक लोकसभा एवं राज्यसभा से पास होने पर सीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिरण के लिए लगातार सराहनीय कार्य जारी हैं। महिलाओं की प्रतिभाओं को उजागर करने की दिशा में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं।






