देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून तहसील में नियुक्त तहसीलदार को एक प्रार्थना पत्र में लपेट कर नकद धनराशि (रिश्वत) देने पर मंगलवार को एक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को तहसील देहरादून में तहसील दिवस में जन समस्याओं की सुनवाई की जा रही थी। इसी दौरान, देवेन्द्र पुत्र देवी सिंह, निवासी ग्राम मियांवाला परगना परवादून, जनपद देहरादून का जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी से मार्क किया हुआ प्रार्थना पत्र लेकर एक व्यक्ति गुल मौहम्मद पुत्र अब्दुल गफ्फार, निवासी कारगी ग्रान्ट, देहरादून वहां आया और प्रार्थना पत्र में 17,500 रुपये रखकर तहसीलदार सदर देहरादून मो0 शादाब को प्रार्थना पत्र के अन्दर रखकर घूस देने का प्रयास करने लगा।
उस समय तहसील के अन्य कार्मिक संगत सिंह सैनी, कृपाल सिंह राठौर व सत्यप्रकाश आदि उपस्थित थे।प्रवक्ता के अनुसार, तहसीलदार, सदर व अन्य कर्मियों द्वारा रिश्वत देने वाले गुल मौहम्मद को मौके पर ही पकड लिया गया। इसके सम्बन्ध में, तहसीलदार द्वारा कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया है। अभियुक्त को अब बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा ।






