भीमताल। उत्तराखंड के जनपद नैनीताल के भीमताल में खेत में काम कर रहे किसान पर घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला कर दिया, जिसमें ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ ग्रामीण का इलाज चल रहा है। जनप्रतिनिधियों ने गुलदार को पकड़ने व घायल को मुआवजा देने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नौकुचियाताल के चनौती ग्राम में विगत दिवस रविवार की देर शाम लगभग 6 बजे एक किसान कांतिबल्लभ पलड़िया उम्र लगभग 45 वर्ष पुत्र राधा किशन पलड़िया अपने घर के पास खेत में काम कर रहा था, कि खेत मे घात लगाकर बैठे गुलदार ने किसान पर हमला कर दिया, जिसमें किसान के काफी चोट आई है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद गुलदार किसान को छोड़कर भाग गया। जिसके बाद ग्रामीण किसान को उपचार के लिए उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल लेकर गए। गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना है। वही जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया, बीडीसी
सदस्य मंजू पलडिया, प्रधान आरती भट्ट व पूर्व बीडीसी सदस्य दुर्गा दत्त पलड़िया ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने व पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की है।






