हल्द्वानी। वार्ड नंबर 37 स्थित प्राथमिक विद्यालय हरिपुर गांगू में भाजपा पार्षद विद्या देवी एवं युवा भाजपा नेता हृदयेश कुमार के सहयोग से नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शुभानू हॉस्पिटल के सहयोग से लगाया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में जूनियर डॉक्टर जागृति रॉय, मार्केटिंग हेड आनंद एवं दिनेश सक्सेना की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान कुल 135 लोगों ने अपनी आंखों की जांच करवाई और अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी कराए।

मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। भाजपा पार्षद विद्या देवी ने कहा कि यह शिविर समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें। युवा भाजपा नेता हृदयेश कुमार ने कहा कि यह पहल जरूरतमंदों की मदद के लिए की गई है और आगे भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय नागरिकों ने इस चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया और भाजपा पार्षद व शुभानू हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।






