देहरादून। मालदेवता क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 7:45 बजे शेर की गांव से मालदेवता की ओर आ रहा एक डंपर रास्ते में एक युवक को टक्कर मारते हुए निकल गया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना रायपुर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से हादसे में शामिल डंपर की पहचान कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चालक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







