बाजपुर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के अंतर्गत बाजपुर ब्लॉक के हरसान से जिला पंचायत सदस्य पद पर योगेन्द्र सिंह डोबाल ने जोरदार जीत हासिल की है। डोबाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमल किशोर भट्ट को 1532 मतों के अंतर से पराजित करते हुए 6056 मत प्राप्त किए और सविरोध निर्वाचित घोषित हुए। इस चुनावी मुकाबले में कमल किशोर भट्ट को 4524, दया किशोर जोशी को 3972, उमा जोशी को 3009, राजा को 885 और राजेश सिंह को 392 मत प्राप्त हुए।

योगेन्द्र सिंह डोबाल की जीत को क्षेत्र में उनकी जनसंपर्क क्षमता, विकासपरक दृष्टिकोण और स्थानीय जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख का परिणाम माना जा रहा है।चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया और विजयी प्रत्याशी ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए हरसान के चहुंमुखी विकास का संकल्प दोहराया। डोबाल की यह जीत न केवल उनके राजनीतिक कद को मजबूत करती है, बल्कि आगामी पंचायत समीकरणों में भी महत्वपूर्ण प्रभाव डालेगी।






