हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के चंदन हॉस्पिटल में आयोजित भव्य समारोह में नारी शक्ति को सम्मानित करते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एयर फोर्स, सुरक्षा बलों, बैंकिंग, चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक सेवा से जुड़ी महिलाओं को मंच पर सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर नई पहचान बना रही है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दर्जाधारी राज्य मंत्री शांति मेहरा ने कहा कि महिलाओं ने आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है और समाज के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि दर्जाधारी राज्य मंत्री रेनू अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भरता और नेतृत्व का प्रतीक बन चुकी हैं।

एयर फोर्स, CRPF, ITBP, बैंकिंग, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की प्रगति और महिला सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण है। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की सराहना भी की। समारोह के दौरान अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अल्का राय ने मुख्य अतिथि को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. श्वेता भंडारी (ACMO) और डॉ. उषा जंगपांगी (CMS, महिला चिकित्सालय) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे, जिन्हें भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत महिला डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर और नर्सें दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहती हैं और समाज के स्वास्थ्य सुरक्षा तंत्र की मजबूत कड़ी हैं। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आई कई प्रतिष्ठित महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन, सुरक्षा बलों और सामाजिक सेवा से जुड़ी महिलाओं के नाम शामिल रहे।

इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित अतिथियों ने कलाकारों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल के सीईओ डॉ. परवेज़ अहमद, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नितीश और सीनियर जनरल मैनेजर ऑपरेशंस सत्यप्रकाश दुबे ने कहा कि चंदन हॉस्पिटल न केवल आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को बेहतर इलाज के साथ संवेदनशील और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। समारोह के अंत में अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।






