देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दहेज के लालच में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति ने अपनी पत्नी की बीमारी का फायदा उठाकर रात के समय कंबल से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी और बाद में बीमारी से मौत का झूठा बहाना बनाकर मामला छिपाने की कोशिश की। मृतका कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहवाज आलम से हुई थी। मृतका के भाई सलमान आसिफ ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही शहवाज और उसके परिजन दहेज को लेकर उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। 3 मार्च की रात ससुराल पक्ष द्वारा कहकशा को गंभीर हालत में महंत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मामले की सूचना अस्पताल से पुलिस को मिलने के बाद जांच शुरू की गई। चूंकि विवाह को अभी चार माह ही हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचनामा और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले की जांच तेज करते हुए पुलिस टीम गठित की गई और 5 मार्च को आरोपी पति शहवाज आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी और वह पत्नी के कम पढ़े-लिखे होने तथा कम दहेज मिलने से नाराज था। उसने योजना बनाकर पत्नी की हत्या करने का फैसला किया था ताकि बाद में किसी पढ़ी-लिखी महिला से शादी कर अधिक दहेज हासिल कर सके। 3 मार्च की रात जब पत्नी सो रही थी, तब उसने कंबल से उसका मुंह दबाकर दम घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने परिवार वालों के साथ मिलकर बीमारी का बहाना बनाते हुए मृतका को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर उसका झूठ सामने आ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।












