देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के थाना राजपुर क्षेत्र में सहस्त्रधारा हेलीपैड के पीछे नागल वाली रोड पर एक मारुति वैन में एक महिला और एक पुरुष की अचेत अवस्था में मिली लाशों ने पुलिस को चकित कर दिया। जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक वैगनआर टैक्सी में राजेश साहू (लगभग 50 वर्ष) और महेश्वरी देवी (लगभग 45 वर्ष) अचेत अवस्था में बैठे हुए मिले। प्रारंभिक जांच से पता चला कि मृतक राजेश साहू और महेश्वरी देवी कांठ बांग्ला थाना राजपुर क्षेत्र के निवासी थे। राजेश साहू पेशे से ड्राइवर था, जबकि महेश्वरी देवी विधवा थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था और घटना के समय गाड़ी का इग्निशन ऑन था। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई गई है कि गाड़ी के एसी के लगातार ऑन रहने और अत्यधिक शराब के सेवन के कारण गैस और तापमान के प्रभाव से उनकी मौत हुई हो सकती है। फॉरेंसिक टीम द्वारा की गई जांच में घटनास्थल से कोई संदिग्ध वस्तु या सबूत नहीं मिले हैं। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। पुलिस घटना की सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आस-पास के लोगों से पूछताछ जारी है।






