देहरादून। राजधानी देहरादून के चंद्रबनी श्मशान घाट क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गंदे नाले में एक अज्ञात पुरुष का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने फील्ड यूनिट की सहायता से घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य संकलित किए। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए हैं।
मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पहचान हेतु कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी संभावित पहलुओं दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






