हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशन में चल रहे प्री-एसआईआर अभियान के तहत 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर एवं नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी की ओर से मतदान केंद्रों पर अलग-अलग तिथियों और समय पर शिविर आयोजित करने का रोस्टर जारी किया गया है। इन शिविरों में छूटे हुए मतदाताओं की मैपिंग की जाएगी, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज रह सके। इसके लिए सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और क्षेत्रीय पार्षदों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकें।
https://election.uk.gov.in/search2003uk

साथ ही बूथ स्तर पर बनाए गए मतदाता जागरूकता समूहों को भी सक्रिय किया गया है, जिससे छूटे हुए मतदाता शिविरों का लाभ उठा सकें। शिविरों में किए जा रहे मैपिंग कार्य की निगरानी और जांच के लिए सहायक नगर आयुक्त, नायब तहसीलदार और तहसीलदार हल्द्वानी को विभिन्न केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी स्वयं भी शिविरों का निरीक्षण कर मैपिंग कार्य की समीक्षा करेंगे। नगर मजिस्ट्रेट ने 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर मैपिंग प्रक्रिया में सहयोग करें। साथ ही जब बीएलओ घर-घर सत्यापन के लिए पहुंचे तो उन्हें वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंधित विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता के रूप में उनका नाम सुरक्षित रहे और वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। प्रशासन ने वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने के लिए आधिकारिक लिंक भी जारी किया है, जिसके माध्यम से मतदाता अपना विवरण ऑनलाइन देख सकते हैं।






